Please Share
दीपक जोशी की रिपोर्ट:
पिथौरागढ़, 18 जुलाई: उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जनपद के कासनी ग्राम स्थित सेरादेवल मंदिर परिसर में शनिवार को स्वजल विभाग एवं स्प्रिंग एंड रिवर रिजूविनेशन अथॉरिटी (SARA) द्वारा भव्य नदी महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जल स्रोतों एवं नदियों के संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा जनसहभागिता को प्रोत्साहित करना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दर्जा राज्यमंत्री गणेश भण्डारी तथा जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई शामिल हुए। महोत्सव की शुरुआत वृक्षारोपण एवं स्वच्छता अभियान से हुई, जिसमें अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, 130 इको टास्क फोर्स, विद्यार्थियों और स्थानीय ग्रामीणों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। इसके बाद सेरादेवल मंदिर स्थित चन्द्रभागा एवं देवभागा नदियों के संगम पर विधि-विधान से नदी पूजन और दीपदान किया गया। (Pithoragarh Celebrates River Festival)

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने कहा कि “नदी उत्सव केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जल संरक्षण का जनआंदोलन है।” उन्होंने कहा कि बढ़ते जल संकट को देखते हुए जल स्रोतों का संरक्षण, वृक्षारोपण, प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली और जनसहभागिता समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
दर्जा राज्यमंत्री गणेश भण्डारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान और स्वच्छता अभियान का उल्लेख करते हुए प्रत्येक नागरिक से कम से कम एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। (Pithoragarh Celebrates River Festival)
कार्यक्रम में SARA के सदस्य सचिव भरत सिंह ने जल संरक्षण अभियानों, ‘धारा मेरा, नौला मेरा, साफ प्रयास मेरा संकल्प’ तथा ‘एक जनपद-एक नदी’ योजना के तहत रामगंगा नदी सहित विभिन्न जल स्रोतों के पुनर्जीवन कार्यों की जानकारी दी। वहीं, 130 इको टास्क फोर्स, वन विभाग और अन्य अधिकारियों ने भी पर्यावरण संरक्षण एवं नदी पुनर्जीवन में जनभागीदारी की आवश्यकता पर बल दिया।
Pithoragarh
इस अवसर पर देव सिंह इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, प्लास्टिक प्रदूषण और जल संरक्षण पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं रोल प्ले प्रस्तुत किए। चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने जल, जंगल और जमीन के संरक्षण, अधिकाधिक वृक्षारोपण तथा नदियों को स्वच्छ बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया। (Pithoragarh Celebrates River Festival)



