देहरादून (Dehradun Robbery Case): राजधानी देहरादून में दिनदहाड़े 14 लाख रुपये की लूट की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से लूटे गए ₹1.50 लाख भी बरामद किए हैं। इस वारदात में शामिल चार अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार, 7 नवंबर 2026 को राजेश कुमार सोनी निवासी हरिपुर कलां ने कोतवाली पटेलनगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह जमीन के सौदे के सिलसिले में देहरादून आए थे। उन्होंने अपने परिचित दिनेश तिवारी से प्लॉट के सौदे के लिए 14 लाख रुपये नकद प्राप्त किए थे।
इसके बाद राजेश कुमार सोनी अपने साथियों दिनेश तिवारी, ओमकार और गुरविंदर के साथ वाहन संख्या UK06 2002 से इंद्रेश अस्पताल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अस्पताल के पास पीछे से एक्टिवा और बाइक पर सवार 4-5 युवकों ने उनके वाहन को रोककर मारपीट की और पीछे की सीट पर रखा नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले के खुलासे के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित कीं। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
जांच के दौरान पुलिस ने सरवजीत सिंह उर्फ हैप्पी, जसमीत सिंह और शक्ति सिंह को अल्का डेयरी से मेहूवाला जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से लूट की रकम में से ₹1.50 लाख बरामद हुए। (Dehradun Robbery Case)
परिचित की जानकारी से बनाई लूट की योजना
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि दिनेश तिवारी उनका परिचित था। उन्हें जानकारी मिली थी कि दिनेश तिवारी जमीन के सौदे के सिलसिले में भारी नकदी लेकर कुछ लोगों से मिलने जा रहा है। इसी जानकारी के आधार पर आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर जल्द पैसा कमाने के उद्देश्य से लूट की योजना बनाई और 7 नवंबर को वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के साथ इस लूट में शामिल चार अन्य अभियुक्तों की पहचान भी सामने आई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। (Dehradun Robbery Case)