चंपावत, उत्तराखंड (Champawat Dangerous River Crossing): बूंगा दुर्गापीपल तोक से ककनई इंटर कॉलेज जाने वाले छात्र छात्राओं का बारिश के दौरान तेज बहाव वाले नदी-गधेरे को पार करने का वीडियो सामने आने के बाद बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठे हैं। वीडियो में बच्चे एक-दूसरे का सहारा लेकर पानी के बीच से गुजरते दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान एक बच्चा बहाव में बहने से बाल-बाल बचता नजर आया।
मामला सामने आने के बाद चंपावत जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट की है। खंड शिक्षा अधिकारी भारत जोशी ने बताया कि बच्चों के सुरक्षित आवागमन के लिए ग्राम पंचायत ककनई के तलाई गधेरे में ‘ज्ञान सेतु अभियान’ के तहत करीब 13 लाख रुपये की लागत से पैदल पुलिया का पुनर्निर्माण पहले ही कराया जा चुका है। प्रशासन के अनुसार यह पुलिया वर्तमान में आवागमन के लिए उपलब्ध और सुरक्षित है।
सुरक्षित पुलिया के बजाय शॉर्टकट इस्तेमाल करने की बात
खंड शिक्षा अधिकारी के अनुसार, बच्चों को स्कूल आने-जाने के लिए नदी या गधेरे के जोखिमपूर्ण हिस्से से होकर गुजरने की आवश्यकता नहीं है। निर्धारित सुरक्षित मार्ग उपलब्ध है।
प्रधानाचार्य गणेश सिंह और स्थानीय लोगों के हवाले से बताया गया है कि कुछ छात्र-छात्राएं करीब एक किलोमीटर की दूरी बचाने के लिए सुरक्षित मार्ग के बजाय शॉर्टकट रास्ते का इस्तेमाल करते हैं। बारिश के दौरान गधेरे और नदी का जलस्तर बढ़ने पर ऐसे रास्तों से गुजरना जोखिमपूर्ण हो सकता है। (Champawat Dangerous River Crossing)
Watch SHOCKING Dehradun Chain Snatching: देहरादून के वसंत विहार में दिनदहाड़े 1 महिला से चेन स्नैचिंग
प्रशासन ने बच्चों और अभिभावकों से की अपील
प्रशासन ने छात्र-छात्राओं और अभिभावकों से बारिश के मौसम में केवल निर्धारित और सुरक्षित मार्ग का इस्तेमाल करने की अपील की है। साथ ही नदी-नालों या ऐसे दुर्गम रास्तों से बचने को कहा गया है, जो आवागमन के लिए निर्धारित नहीं हैं।
प्रशासन का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सुरक्षित पैदल पुलिया उपलब्ध कराई गई है। ऐसे में बच्चों को जोखिमपूर्ण शॉर्टकट रास्तों का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।
मुख्यमंत्री धामी का विधानसभा क्षेत्र है चंपावत
चंपावत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का विधानसभा क्षेत्र है। ऐसे में वायरल वीडियो के बाद बच्चों की सुरक्षित आवाजाही को लेकर सामने आई चिंता महत्वपूर्ण है। प्रशासन की ओर से सुरक्षित पुलिया उपलब्ध होने की जानकारी दी गई है, लेकिन यह भी जरूरी है कि बारिश के दौरान सभी छात्र छात्राएं निर्धारित सुरक्षित रास्ते का ही इस्तेमाल करें। (Champawat Dangerous River Crossing)