Watch Dehradun Temple Theft: श्री राधा-कृष्ण मंदिर से चांदी का छत्र चुराने वाला आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार, ₹60 हजार का छत्र बरामद

Please Share
देहरादून: (Dehradun Temple Theft) उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में श्री राधा-कृष्ण मंदिर में दिनदहाड़े चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। डालनवाला क्षेत्र स्थित मंदिर में एक शातिर चोर सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए गर्भगृह तक पहुंच गया और शिवलिंग पर स्थापित करीब ₹60 हजार मूल्य का चांदी का भारी छत्र निकालकर अपने साथ ले जाने में कामयाब हो गया। पूरी घटना मंदिर परिसर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसमें आरोपी बेहद चालाकी से वारदात को अंजाम देता और चोरी के बाद छत्र लेकर मौके से निकलता दिखाई दे रहा है।
मामले की सूचना मिलते ही मंदिर समिति की शिकायत पर डालनवाला पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार 26 जून 2026 को दिलाराम बाजार निवासी अरविंद प्रसाद की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली, संदिग्धों की पहचान की, मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और लगातार जांच जारी रखी।

Watch India’s First Hydrogen train: भारत ने रचा इतिहास: स्वदेशी हाइड्रोजन ट्रेन ने 120 किमी/घंटा की रफ्तार से सफल हाई स्पीड ट्रायल पूरा किया

पुलिस ने वारदात के महज 24 घंटे के भीतर योगेश सेमवाल (39 वर्ष), निवासी ग्राम ऋषिधार, थाना घनसाली, जनपद टिहरी गढ़वाल को नया गांव रोड, हाथीबड़कला के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया करीब ₹60 हजार मूल्य का चांदी का छत्र भी बरामद कर लिया गया।
पूछताछ में योगेश सेमवाल ने पुलिस को बताया कि वह नशे का आदी है और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए उसने मंदिर से चांदी का छत्र चोरी किया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। देहरादून पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मंदिर चोरी की इस घटना का 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा करते हुए चोरी गया धार्मिक सामान भी सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
(Dehradun Temple Theft)