स्पाइसजेट विमान: यात्री के बैग में मिले 0.22 बोर के 22 जिंदा कारतूस

Please Share

नई दिल्ली: पुणे से बेंगलुरू जा रहे स्पाइसजेट के विमान के यात्री के बैग से 22 जिंदा कारतूस मिलने से हड़कंप मच गया है। यात्री के बैग में .22 बोर के 22 जिंदा कारतूस मिले। बैग में कारतूस मिलने के बाद स्पाइसजेट के कर्मचारी ने यात्री से इस कारतूस के दस्तावेज मुहैया कराने को कहा, लेकिन यात्री के पास इन कारतूसों के दस्तावेज मौजूद नहीं थे। जिसके बाद स्पाइसजेट के कर्मचारियों ने यात्री को पुलिस के हवाले कर दिया जिससे कि यात्री के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सके।

दरअसल, यह यात्री स्पाइसजेट के विमान एसजी-45 से पुणे से बेंगलूरू जा रहा था। इसी दौरान यात्री के बैग से चेकिंग के दौरान ये कारतूस मिलने से हड़कंप मच गया। आनन-फानन में यात्री से संपर्क किया गया और जब वह इसके बारे में संतोषजनक जवाब नहीं दे सका तो उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।

आपको बता दें कि इससे पहले मुंबई से दुबई जा रहे स्पाइसजेट के विमान को तकनीकी खराबी की वजह से वापस मुंबई एयरपोर्ट पर लैंड करना पड़ा था, जिसकी वजह से यात्रियों को काफी मुश्किल का सामना करना पड़ा।