शाहीन बाग में बढ़ा दी गई सुरक्षा, आरोपी कपिल गुर्जर को भेजा पुलिस रिमांड पर

Please Share

नई दिल्ली: शाहीन बाग प्रदर्शन स्थल के करीब हवाई फायरिंग करने के आरोप में गिरफ्तार किए गए कपिल गुर्जर को दिल्ली की एक अदालन ने दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। बता दें कि आरोपी कपिल दिल्ली-नोएडा सीमा के पास दल्लुपुरा का रहने वाला है।

आपको बता दें कि घटना के बाद शाहीन बाग में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। शाहीन बाग में दिल्ली को नोएडा से जोड़ने वाली सड़क पर सीएए के खिलाफ लगभग 50 दिनों से प्रदर्शन चल रहा है।   सीएए व एनआरसी के विरोध में कई दिनों से चल रहा धरना प्रदर्शन रविवार को और बढ़ गया। यहां बड़ी संख्या में लोग पहुंचे हैं। इन लोगों की मांग है कि धरना जल्दी से जल्दी खत्म कर सड़क खुलवाई जाए। इन लोगों का कहना है कि हमें प्रदर्शन से कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन सड़क खाली होनी चाहिए।

गौरतलब है कि हालही में शाहीन बाग में प्रदर्शन स्थल से करीब 150 मीटर दूर पुलिस बेरीकेड के पास एक युवक ने सांप्रदायिक नारेबाजी करते हुए हवा में दो गोलियां चलाईं। गनीमत ये रही कि गोली किसी को नहीं लगी। बेरीकेड के पास मौजूद पुलिसकर्मियों और सीआरएफ के जवानों ने उसे दबोचा और सरिता विहार थाने ले गए थे।