राज्यसभा उपचुनाव: क्रॉस वोटिंग के बाद दो विधायकों का इस्तीफा, कांग्रेस को बड़ा झटका

Please Share

अहमदाबाद: गुजरात में राज्यसभा की दो सीटों के लिए शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान हुआ। राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस के पर्यवेक्षक अश्विन कोटवाल के मुताबिक, अल्पेश ठाकोर और धवल सिंह झाला ने क्रॉस वोटिंग की है। इस बीच, कांग्रेस बागी विधायक अल्पेश ठाकोर ने कहा है कि मैंने अंतर्आत्मा की आवाज से मतदान किया है और राष्ट्रीय नेताओं को ध्यान में रख कर किया।

अल्पेश ने कहा कि मैं राहुल गांधी के भरोसे कांग्रेस में शामिल हुआ, लेकिन दुर्भाग्य से उन्होंने हमारे लिए कुछ नहीं किया। हमारा बार-बार अपमान किया गया। इसलिए, मैंने कांग्रेस विधायक के पद से इस्तीफा दे दिया है।

वहीं, कांग्रेस के बांगी विधायक धवल सिंह झाला ने कहा कि कांग्रेस के लोग बार-बार हमारा और लोगों का अपमान कर रहे थे। नेता पार्टी के छोटे कार्यकर्ताओं की बात नहीं सुन रहे थे। इस कारण मैंने कांग्रेस विधायक के पद से इस्तीफा दे दिया है।

इससे पहले गुरुवार की शाम को कांग्रेस ने अपने 65 विधायकों को पालनपुर के एक पैलेस में इकट्ठा कर लिया। पार्टी ने इसे विधायक दल की बैठक बताया है। हालांकि, बागी विधायक अल्पेश ठाकोर व उनके साथी विधायक धवल सिंह झाला वहां नहीं पहुंचे हैं। कांग्रेस ने उनके घरों पर पार्टी का व्हिप चिपका दिया है।