देहरादून: (Manorama Krishi Rakshak App)मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में मनोरमा डबराल जन कल्याण समिति द्वारा विकसित किसान केंद्रित मोबाइल एप ‘मनोरमा कृषि रक्षक’ का शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री धामी ने एप को किसानों और स्वयं सहायता समूहों के लिए उपयोगी पहल बताते हुए संस्था को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के बेहतर उपयोग से किसानों को कृषि से जुड़ी आवश्यक जानकारियां और सेवाएं सुगमता से उपलब्ध कराने में इस प्रकार की पहल महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
समिति के पदाधिकारियों के अनुसार, ‘मनोरमा कृषि रक्षक’ एप के माध्यम से किसानों को एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर कई सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है। इनमें रियल टाइम मौसम संबंधी जानकारी और अलर्ट, फसल-विशिष्ट कृषि सलाह, AI आधारित फसल रोग पहचान, कृषि एवं बाजार संबंधी जानकारी तथा परिवहन और लॉजिस्टिक्स से जुड़ी सुविधाएं शामिल हैं। (Manorama Krishi Rakshak App)
एप में स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण उद्यमों को बाजार से जोड़ने से संबंधित सुविधाओं को भी शामिल किया गया है। समिति के अनुसार, एप को किसानों की व्यावहारिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकसित किया गया है। इसका उद्देश्य कृषि उत्पादन से लेकर बाजार तक किसानों को आवश्यक डिजिटल सहयोग उपलब्ध कराना है।
मुख्यमंत्री ने इस पहल को कृषि क्षेत्र में तकनीक के उपयोग को बढ़ावा देने की दिशा में उपयोगी कदम बताया।
कार्यक्रम में कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी के अलावा मनोरमा डबराल जन कल्याण समिति से कमला डबराल, राजेश डबराल, अंशुल, प्रांजल नौडियाल और सूरवीर सिंह कठैत उपस्थित रहे। (Manorama Krishi Rakshak App)