Please Share
श्रीनगर: कश्मीर में आतंकियों ने फिर एक बार अल्पसंख्यक कश्मीरी पंडितों को निशाना बनाया है। दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग में आतंकियों ने सोमवार को एक कश्मीरी पंडित सरपंच अजय पंडिता की गोली मारकर हत्या कर दी। बीते 17 वर्षों में कश्मीर में किसी कश्मीरी पंडित की आतंकियों द्वारा की गई हत्या की यह पहली वारदात है। सरपंच कांग्रेस से जुड़ा हुआ था। इस हमले की चौतरफा आलोचना हो रही है।
कांग्रेस की अनंतनाग इकाई के वरिष्ठ नेता एवं लरकीपोरा में लोकबवन पंचायत के सरपंच अजय कुमार पंडिता शाम करीब छह बजे किसी काम से अपने घर से बाहर निकले थे। इसी दौरान आतंकी वहां आए और उन्होंने उन पर नजदीक से गोली चलाई। हमले के बाद आतंकी फरार हो गए। आतंकियों के भागने के बाद अजय को उनके परिजनों व अन्य लोगों ने जीएमएस अनंतनाग पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

