Please Share
भागेश्वर से नरेन्द्र बिष्ट की रिपोर्ट;
Bageshwar: (Bageshwar Rain) उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। मौसम विभाग का ऑरेंज अलर्ट जिले में सही साबित होता दिखाई दे रहा है। सरयू और गोमती नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जबकि तीनों विकासखंडों में रुक रुक कर बारिश का सिलसिला जारी है।
बारिश का सबसे अधिक असर जिला मुख्यालय के मंडलसेरा क्षेत्र में देखने को मिला, जहां पीडब्ल्यूडी लिंक रोड पर पानी बहने से सड़क नाले में तब्दील हो गई। कई घरों में गंदा पानी घुसने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यूपीसीएल की आवासीय कॉलोनी भी जलभराव की चपेट में है, जिससे स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है।
जिले के विभिन्न हिस्सों में भूस्खलन की घटनाओं के चलते 16 ग्रामीण सड़कें बंद हो गई हैं। सड़क संपर्क बाधित होने से ग्रामीण क्षेत्रों में आवाजाही प्रभावित हुई है। संबंधित विभाग सड़कें खोलने के लिए मशीनों के साथ जुटे हुए हैं, लेकिन लगातार हो रही बारिश राहत कार्यों में चुनौती बनी हुई है। (Bageshwar Rain)
हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियात के तौर पर लगातार तीसरे दिन भी जिले के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और नदी नालों के किनारे नहीं जाने की अपील की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जलभराव और लगातार बारिश के कारण दैनिक जीवन प्रभावित हो गया है। कई स्थानों पर लोगों को घरों से निकलने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। मौसम विभाग ने भी अगले कुछ घंटों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी गई है। (Bageshwar Rain)
Big Relief in Dehradun: Nanda Ki Chowki Bridge Safe | 12 घंटे बाद एप्रोच रोड दुरुस्त, यातायात बहाल
