Please Share
देहरादून: (Mukhyamantri Ekal Mahila Swarojgar Yojana) उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में ‘मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना’ के द्वितीय चरण का शुभारंभ किया। इस अवसर पर राज्य की 488 एकल महिला लाभार्थियों के खातों में डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से ₹2.76 करोड़ से अधिक की सहायता राशि हस्तांतरित की गई।
योजना के दूसरे चरण में 212 नई लाभार्थियों को पहली किश्त के रूप में ₹1.55 करोड़ से अधिक की राशि प्रदान की गई, जबकि प्रथम चरण की 276 महिलाओं को दूसरी किश्त के रूप में ₹1.20 करोड़ से अधिक की वित्तीय सहायता दी गई।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता देना नहीं, बल्कि एकल, निराश्रित, विधवा, परित्यक्ता, तलाकशुदा महिलाओं, एसिड अटैक पीड़िताओं, अपराध प्रभावित महिलाओं तथा ट्रांसजेंडर व्यक्तियों को सम्मानजनक और आत्मनिर्भर जीवन का अवसर उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार स्थापित करने के लिए ₹2 लाख तक की परियोजना स्वीकृत की जाती है, जिसमें 75 प्रतिशत तक अनुदान राज्य सरकार देती है। (Mukhyamantri Ekal Mahila Swarojgar Yojana)
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए स्वयं सहायता समूहों, ‘लखपति दीदी’ अभियान, उद्यमिता योजनाओं और ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ जैसे प्रयासों के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है।
महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि यह योजना एकल महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं को विकास की साझेदार बनाकर उन्हें स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
Watch Budgam Flash Flood 2026: ALERT | भीषण बाढ़ में ढहा शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, बडगाम में भारी तबाही
