Uttarakhand: अब एक क्लिक पर मिलेगी 2003 की वोटर लिस्ट, मतदाताओं को बड़ी राहत

Please Share
देहरादून: मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम की पहल पर आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के मद्देनज़र प्रदेश में वर्ष 2003 की मतदाता सूची में नाम खोजने की प्रक्रिया को और अधिक सरल बना दिया गया है। अब मतदाता गली, मोहल्ले एवं एरिया के नाम के आधार पर भी वर्ष 2003 की मतदाता सूची (वोटर लिस्ट) में अपना नाम आसानी से खोज सकेंगे।
सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास ने जानकारी दी कि प्रदेशभर में आगामी 10 जनवरी तक बीएलओ आउटरीच अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क कर वर्ष 2003 की मतदाता सूची में दर्ज विवरणों का सत्यापन कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि बड़ी संख्या में ऐसे मतदाता सामने आ रहे हैं, जिन्हें अपने 2003 के मतदान केंद्र (Polling Booth) की सटीक जानकारी उपलब्ध नहीं है।
मतदाताओं की इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड की आधिकारिक वेबसाइट
 www.ceo.uk.gov.in
पर वर्ष 2003 की मतदाता सूची को नए और सरल सर्च विकल्पों के साथ उपलब्ध कराया गया है।
वर्तमान में मतदाता वेबसाइट पर अपने विधानसभा क्षेत्र, स्वयं के नाम अथवा पिता/पति के नाम के आधार पर मतदाता क्रमांक एवं बूथ संख्या की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। नए फीचर के माध्यम से अब गली, मोहल्ला एवं क्षेत्र के नाम से भी मतदाता सूची खोजी जा सकेगी, जिससे आम जनता को बड़ी सुविधा मिलेगी।
सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने प्रदेशवासियों से बीएलओ को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदाता के मताधिकार की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बीएलओ द्वारा समन्वय, संवाद और प्रभावी पहुंच को प्राथमिकता दी जा रही है।

You May Also Like