देहरादून, 30 मार्च 2026; (DehradunCrime): राजपुर थाना क्षेत्र में हुई फायरिंग और एक बुजुर्ग की मौत के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि घटना को रोड रेज का रूप देने की कोशिश की गई, जबकि इसकी जड़ एक दिन पहले बार में हुआ विवाद था।
पुलिस के अनुसार, 29 मार्च की रात कुठालगेट स्थित ZEN-Z बार में बिल को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी और मारपीट हुई थी। इस दौरान एक पक्ष की स्कॉर्पियो कार का शीशा तोड़ दिया गया। अगले दिन सुबह दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए। स्कॉर्पियो सवार युवकों ने फॉर्च्यूनर कार का पीछा करते हुए उस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में दूसरे पक्ष ने भी गोली चलाई। फायरिंग के दौरान मॉर्निंग वॉक पर निकले 74 वर्षीय मुकेश कुमार जोशी को गोली लग गई। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद दोनों पक्ष मौके से फरार हो गए थे।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों रोहित कुमार, मौ. अखलाक उर्फ साबिर, संदीप कुमार (बार संचालक) और आदित्य चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से दो देसी तमंचे, कारतूस और घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन बरामद किया गया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
घटना के बाद पुलिस ने संबंधित बार को सील कर दिया है और लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मामले में भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच जारी है।
पुलिस का कहना है कि मामूली विवाद के चलते हुई यह घटना गंभीर आपराधिक रूप ले गई, जिसमें एक निर्दोष व्यक्ति की जान चली गई।