DehradunClash: देहरादून में कॉलेज छात्रों के बीच मारपीट, घायल युवक की इलाज के दौरान मौत; तीन आरोपी हिरासत में

Please Share
देहरादून: ( DehradunClash) देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में कॉलेज छात्रों के दो गुटों के बीच हुई मारपीट ने एक युवक की जान ले ली। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 23 मार्च 2026 की रात कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि केहरी गांव, प्रेमनगर में कुछ युवकों के बीच झगड़ा हुआ है, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उसके साथी प्रेमनगर स्थित अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए दून अस्पताल रेफर कर दिया।
एम्बुलेंस उपलब्ध न होने पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को अपने सरकारी वाहन से दून अस्पताल पहुंचाया और परिजनों को भी सूचित किया। उपचार के दौरान देर रात युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान दिव्यांशु जाटराना (22 वर्ष), निवासी मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है, जो वर्तमान में प्रेमनगर, देहरादून में रहकर एक निजी शिक्षण संस्थान में पढ़ाई कर रहा था।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के छात्र एक ही निजी कॉलेज में पढ़ते थे और आपसी वर्चस्व को लेकर उनके बीच पहले से विवाद चल रहा था। इसी पुरानी रंजिश के चलते 23 मार्च को दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़कर मारपीट में बदल गया, जिसमें दिव्यांशु गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजनों की तहरीर के आधार पर प्रेमनगर थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
हिरासत में लिए गए आरोपी:
पुलिस ने इस मामले में निम्नलिखित तीन आरोपियों को हिरासत में लिया हैं।
  1. युवराज कुमार (20 वर्ष), बीबीए द्वितीय वर्ष का छात्र, मूल निवासी भोजपुर (बिहार), वर्तमान पता केहरी गांव, प्रेमनगर।
  2. मधुर खंडेलवाल (19 वर्ष), बीटेक तृतीय वर्ष का छात्र, मूल निवासी रुद्रपुर (उधम सिंह नगर), वर्तमान पता चित्रकूट एन्क्लेव फेज-2, प्रेमनगर।
  3. शिवम शर्मा (20 वर्ष), बीटेक तृतीय वर्ष का छात्र, मूल निवासी दानापुर (पटना, बिहार), वर्तमान पता चित्रकूट एन्क्लेव फेज-2, प्रेमनगर।
पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और मामले की गहन जांच जारी है।

You May Also Like