Please Share
मुख्य बिंदु
- कुलगाम के केल्लम क्षेत्र में आतंकियों ने दो गैर-स्थानीय मजदूरों पर गोलीबारी की।
- दोनों मृतक छत्तीसगढ़ के रहने वाले थे।
- घायल दूसरे मजदूर ने भी रविवार सुबह इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
- हमले में अब तक दोनों मजदूरों की मौत हो चुकी है।
- जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना और सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है।
- हमलावरों की तलाश जारी है, मामले की जांच चल रही है।
- उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने हमले की निंदा करते हुए आतंकियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
Srinagar (Kulgam Terror Attack):जम्मू कश्मीर के कुलगाम जिले के केल्लम क्षेत्र में हुए आतंकी हमले में घायल दूसरे गैर-स्थानीय मजदूर ने भी रविवार सुबह इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इसके साथ ही इस हमले में जान गंवाने वाले छत्तीसगढ़ के मजदूरों की संख्या बढ़कर दो हो गई है।
आतंकियों ने शुक्रवार शाम केल्लम स्थित ब्रिक किल्न 77-बी पर काम कर रहे दो गैर-स्थानीय मजदूरों को निशाना बनाते हुए गोलीबारी की थी। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया था। पहले एक मजदूर की इलाज के दौरान मौत हो गई थी, जबकि दूसरे को बेहतर उपचार के लिए जीएमसी अनंतनाग रेफर किया गया था। रविवार सुबह उसने भी दम तोड़ दिया।
घटना के बाद जम्मू कश्मीर पुलिस, सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। हमलावरों की तलाश जारी है।
इससे पहले जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए सुरक्षा बलों को आतंकियों के खिलाफ अभियान तेज करने और दोषियों को जल्द न्याय के कटघरे में लाने के निर्देश दिए थे। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की थी।
फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां पूरे क्षेत्र में सघन सर्च ऑपरेशन चला रही हैं और मामले की जांच जारी है। (Kulgam Terror Attack)
