देहरादून (Dehradun), 24 फरवरी 2026: महिला एवं बाल अपराधों के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए राजपुर थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने नाबालिग युवती को सकुशल बरामद कर लिया है। मामले की शुरुआत 4 नवंबर 2025 को हुई, जब राजपुर निवासी एक महिला ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उसकी नाबालिग बहन घर से बिना बताए कहीं चली गई है। काफी तलाश के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो पुलिस ने मुकदमा संख्या 212/2025, धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, संभावित मार्गों की जांच की और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से भी लगातार ट्रैकिंग की गई। जांच के दौरान सामने आया कि नाबालिग को मिंटू नामक युवक बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर सहस्त्रधारा रोड स्थित आईटी पार्क गेट के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से नाबालिग को बरामद किया गया।
पीड़िता के बयान के आधार पर मामले में धारा 64 बीएनएस और 3/4 पॉक्सो अधिनियम की बढ़ोतरी की गई है।
आरोपी का विवरण: मिंटू (21 वर्ष), पुत्र मनोहर सिंह, निवासी मोहल्ला लाडपुर कीरतपुर, जनपद बिजनौर, उत्तर प्रदेश।
पुलिस टीम: महिला उपनिरीक्षक सीमा, कांस्टेबल विशाल और पीआरडी प्रीतम।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और आरोपियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।