इधर महिला डॉक्टर के कातिलों का एनकाउंटर, उधर निर्भया के कातिलों की दया याचिका राष्ट्रपति के पास

Please Share

नई दिल्ली: देश के सबसे चर्चित निर्भया रेप कांड के कातिलों की दया याचिका गृह मंत्रालय ने खारिज कर दी है। गृह मंत्रालय ने फाइल राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद के पास भेज दिया है। इससे पहले पिछले महीने दिल्ली सरकार ने निर्भया के दोषियों की दया याचिका को ठुकराकर केंद्रीय गृह मंत्रालय के पास भेज दी थी।

तिहाड़ जेल में बंद सभी दोषियों में से विनय शर्मा ने राष्ट्रपति के सामने दया याचिका लगाई थी जिसकी कॉपी दिल्ली सरकार को भेजी गई थी। दिल्ली सरकार ने विनय शर्मा को किसी भी तरह की राहत देने से इनकार कर दिया था। बाकी तीनों दोषियों अक्षय, पवन और मुकेश ने अभी तक राष्ट्रपति के सामने दया याचिका नहीं लगाई है। एक आरोपी राम सिंह ने तिहाड़ जेल में ही खुदकुशी कर ली थी जबकि छठा नाबालिग दोषी सजा पूरी करके बाहर आ चुका है।

बता दें कि, दक्षिण दिल्ली में एक चलती बस में 16-17 दिसम्बर 2012 की मध्य रात्रि को छह लोगों ने पैरामेडिकल की छात्रा से सामूहिक बलात्कार किया और उसे सड़क पर फेंकने से पहले उसके साथ काफी बर्बरता की थी। सिंगापुर के माउंट एलिजाबेथ अस्पताल में 29 दिसम्बर 2012 को उसकी मौत हो गई।