सर्वणा भवन के संस्थापक राजगोपाल का निधन, इस जुर्म में काट रहे थे उम्र कैद की सजा

Please Share

नई दिल्ली: सर्वणा भवन रेस्‍तरां के संस्थापक पी. राजगोपाल का निधन हो गया है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश में हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काटने के लिए बीते मंगलवार को ही सत्र अदालत में राजगोपाल ने समर्पण किया था। जेल में दिल का दौरा पड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्‍होंने अंतिम सांस ली।

सूत्रों ने बताया कि मंगलवार को अदालत के निर्देश के बाद राजगोपाल को सरकारी ‘स्टेनली मेडिकल कॉलेज अस्पताल’ से एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका गुरुवार सुबह करीब 10 बजे निधन हो गया।

उच्चतम न्यायालय द्वारा स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए और समय की मांग करने वाली उसकी याचिका को खारिज करने के बाद दक्षिण भारतीय खाने के लिए मशहूर सर्वणा भवन के संस्थापक राजगोपाल ने अन्य आरोपियों के साथ एक स्थानीय अदालत के समक्ष आत्मसमर्पण किया था।

राजगोपाल के बेटे की याचिका पर मद्रास उच्च न्यायालय ने भी एक अंतरिम आदेश जारी किया था। राजगोपाल को अक्टूबर,2001 में एक कर्मचारी की हत्या के मामले में सजा सुनाई गई थी। राजगोपाल अपने एक कर्मचारी की हत्या करके उसकी पत्नी से शादी करना चाहता था।